Act Now: Thank Your Legislators for Fully Funding the PRC!

Connect

पॉवर व्हीलचेयर के विकल्प

पॉवर व्हीलचेयर के विकल्प, सहायक पुर्जे, और महत्वपूर्ण घटक

पॉवर व्हीलचेयर व्यक्ति को सुरक्षित, समयबद्ध और स्वतंत्र गतिशीलता प्रदान कर सकती है, पर फिर भी, प्रतिदिन 12 से 18 घंटे इसमें बैठने और कार्य करने की योग्यता मुख्य रूप से उन महत्वपूर्ण घटकों और सहायक पुर्जों से मिलती है जिनका उपयोग जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए किया जाता है। जटिल पुनर्वास पॉवर व्हीलचेयर को उसके उपयोक्ता को उचित फ़िट एवं कार्यक्षमता प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया जाता है, और इसमें आमतौर पर ऐसे अतिरिक्त घटक शामिल होते हैं जो चेयर के सफल उपयोग के लिए आवश्यक होते हैं। चेयर के ऐसे अनगिनत विकल्प, सहायक पुर्जे, और महत्वपूर्ण घटक हो सकते हैं जो उपयोक्ता की शारीरिक, कार्यात्मक, और परिवेशी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। इनमें से कई वस्तुओं की फंडिंग तृतीय-पक्ष भुगतानकर्ता करते हैं; वहीं कुछ को व्यक्ति द्वारा खरीदा जाना आवश्यक हो सकता है। इस लेख में, क्वांटम रीहैब (Quantum Rehab) में क्लीनिकल शिक्षण के निदेशक जे डोहर्टी (Jay Doherty), OTR, ATP/SMS उन घटकों पर चर्चा कर रहे हैं जिन्हें प्रायः सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, साथ ही वे यह भी बता रहे हैं कि व्हीलचेयर उपयोक्ता के लिए इस जानकारी का उपलब्ध होना क्यों महत्वपूर्ण है, ताकि वह सोच-समझकर निर्णय ले सके।

कौन से घटक सबसे महत्वपूर्ण हैं और वे कैसे सहायक होते हैं?

पॉवर टिल्ट

पॉवर टिल्ट एक महत्वपूर्ण घटक है जो व्हीलचेयर उपयोक्ता को उल्लेखनीय लाभ प्रदान करता है। टिल्ट (फैलाव के बिना झुकाव) में बैठी हुई स्थिति के कोण अपरिवर्तित रहते हैं, और शरीर के वज़न को पीछे की ओर स्थानांतरित कर दिया जाता है। दबाव का प्रबंधन, पॉवर व्हीलचेयर में टिल्ट को जोड़ने का मुख्य कारण है। यह बैठने की सतह पर से लोड कम करने और दबाव से होने वाले घाव का जोखिम न्यूनतम करने के लिए आवश्यक है। टिल्ट (फैलाव के बिना झुकाव) के कई अन्य लाभ भी हैं, जिनमें से कुछ इस प्रकार हैं: अधिक समय तक बैठ पाने के लिए स्वतंत्र ढंग से शरीर की स्थिति बदलना, सांस लेने और बोलने में सुधार के लिए गुरुत्व के प्रभाव में बदलाव लाना, दृष्टि-रेखा में सुधार के लिए आंखों का सही कोण हासिल करना और सिर एवं धड़ के नियंत्रण के लिए गुरुत्व की सहायता से युक्त सहारा प्राप्त करना।

पॉवर रिक्लाइन
पॉवर रिक्लाइन (फैलाव के साथ झुकाव) भी एक महत्वपूर्ण घटक है जो व्हीलचेयर की क्षमताओं में और वृद्धि करता है। पॉवर रिक्लाइन से व्यक्ति को लगभग पूरी तरह सपाट लेटने की सुविधा मिलती है, जिससे दबाव के प्रबंधन में सहायता होती है, क्योंकि इससे शरीर का वज़न अधिकतम संभव विशाल सतह पर फैल जाता है, जिसके फलस्वरूप उन भागों में हड्डियों के उभार तकलीफ़ या दबाव में वृद्धि नहीं करते हैं। रिक्लाइन (फैलाव के साथ झुकाव) से व्यक्ति गुरुत्व बल से राहत भी प्राप्त कर पाता है, विश्राम कर पाता है और दबाव से उबर पाता है। इस सुविधा की मदद से व्यक्ति अपनी मांसपेशियां, स्नायुओं और जोड़ों को फैला पाता है, और स्वयं को ऐसी स्थिति में रख पाता है जिसमें आसानी से मूत्रत्याग एवं मलत्याग किया जा सके, विशेष रूप से तब जब वह इन गतिविधियों को करने के लिए पॉवर चेयर से बाहर निकलने में असमर्थ होता है। यह ऐसे व्यक्तियों के लिए भी आवश्यक है जिन्हें लेटे-लेटे स्थानांतरण की आवश्यकता होती है। पॉवर सीटिंग के लाभ को अधिकतम करने के लिए, टिल्ट (फैलाव के बिना झुकाव) और रिक्लाइन (फैलाव के साथ झुकाव) के संयोजन का उपयोग करने से व्यक्ति वे सभी कोण एवं स्थितियां प्राप्त करने में समर्थ हो पाता है जो आराम से बैठने और पूरे दिन अपनी पॉवर व्हीलचेयर से कार्य करने के लिए ज़रूरी होते हैं।

पॉवर लेग रेस्ट या पॉवर-आर्टिकुलेटिंग फ़ुट प्लेटफ़ॉर्म
पैरों को उठाने वाले विद्युत-चालित लेग रेस्ट या पॉवर आर्टिकुलेटिंग फ़ुट प्लेटफ़ॉर्म (जिन्हें AFP भी कहते हैं) एक और महत्वपूर्ण घटक हैं जो पॉवर रिक्लाइन का उपयोग करते समय आवश्यक होते हैं। इससे पॉवर रिक्लाइन के चलते समय पैरों को उठाना संभव हो जाता है और शरीर का सही प्रकार से हिलना-डुलना सुनिश्चित करने और रिक्लाइन का उपयोग करते समय श्रोणि वाले भाग को आगे की ओर फिसलने से रोकने के लिए इसकी आवश्यकता होती है। इसके अतिरिक्त, पैरों को उठाने वाले विद्युत-चालित लेग रेस्ट या AFP ऐसे लोगों के लिए भी आवश्यक होते हैं जिनके पैरों में सूजन या एडीमा (तरल एकत्र होने से आई सूजन) होता है। टिल्ट (फैलाव के बिना झुकाव) और रिक्लाइन (फैलाव के साथ झुकाव) के साथ-साथ पैरों को उठाने से पैरों के पंजे हृदय से 12 इंच ऊपर उठ जाते हैं जिससे रक्त परिसंचरण और लसीका की वापसी (लिम्फेटिक रिटर्न) में सहायता मिलती है। इस घटक के उपयोग के अन्य कारण भी हैं, जैसे अवकुंचन (मांसपेशियों की लंबाई घटने या ऊतकों के सख्त होने) की रोकथाम के लिए नितंबों और घुटनों की स्थिति बदल सकने की योग्यता या यदि पैरों में अवकुंचन मौजूद हैं तो उन्हें समायोजित कर सकने की योग्यता। इसके अतिरिक्त, पैरों को ऊपर उठाने और नीचे लाने की योग्यता से व्हीलचेयर उपयोक्ता का परिवेश अधिक सुगम्य बन सकता है, जैसे, सीट की ऊंचाई इतनी कम रखी जाए कि वह मेज़ के नीचे पहुंच पाए, और रैम्प व देहरियों पर से गुजरते समय फ़ुटप्लेट को इतना ऊंचा रखा जाए कि वह उनसे न टकराए।

पॉवर एडजस्टेबल सीट हाइट
पॉवर (विद्युत) से एडजस्ट हो सकने वाली सीट की ऊंचाई एक और ऐसा घटक है जो उपयोक्ता की आत्मनिर्भरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे व्यक्ति को अपनी बैठी हुई स्थिति बदले बिना ऊर्ध्व अक्ष पर अपने सीटिंग सिस्टम की ऊंचाई बदलने की सुविधा मिलती है। इससे सुरक्षा में भी वृद्धि होती है और समय से एवं कुशल स्थानांतरण, पहुंच एवं कार्यक्षमता में वृद्धि, और पॉवर चेयर चलाते समय दृष्टि-रेखा में सुधार सुनिश्चित होते हैं। इसके अतिरिक्त, पॉवर (विद्युत) से एडजस्ट हो सकने वाली सीट की ऊंचाई से व्यक्ति को चेयर चलाते समय चेयर की ऊंचाई बदलने और चेयर को पूरी तरह उठी हुई (सर्वाधिक ऊंचाई वाली) स्थिति में सुरक्षित ढंग से संचालित करने की भी सुविधा मिलती है। मूल रूप से, यह पॉवर व्हीलचेयर की उपयोगिता बढ़ाती है।

कौन से सहायक पुर्जे सबसे महत्वपूर्ण हैं और वे कैसे सहायक होते हैं?

वेंटिलेटर ट्रे और/या ऑक्सीजन टैंक होल्डर

वेंटिलेटर ट्रे ऐसे लोगों के लिए चिकित्सीय दृष्टि से एक आवश्यक सहायक पुर्जा है जो मशीनी सहायता से सांस लेते हैं या जिन्हें भविष्य में इस सहायता की आवश्यकता पड़ सकती है। वेंटिलेटर विभिन्न प्रकार के होते हैं, अतः पॉवर व्हीलचेयर के निर्माता ऐसे विभिन्न विकल्प बनाते हैं जो उपयोग किए जा रहे अधिकांश उपकरणों के साथ फ़िट हो जाते हैं। जिस व्यक्ति को वेंटिलेटर के साथ या उसके बिना, अतिरिक्त ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ती हो उसके लिए ऑक्सीजन टैंक होल्डर चिकित्सीय दृष्टि से आवश्यक हो सकता है। हालांकि, पॉवर व्हीलचेयर से मिलने वाली गतिशीलता, उपयोक्ता की ऑक्सीजन की मांग घटा सकती है, पर अपने परिवेश में कार्य करने हेतु उस व्यक्ति के लिए ऑक्सीजन अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकती है।

ट्रांज़िट टाइ-डाउन ब्रैकेट और ऑक्युपाइड ट्रांज़िट कंपोनेंट
ट्रांज़िट टाइ-डाउन ब्रैकेट ऐसे व्यक्ति के लिए आवश्यक हैं जो किसी सचल वाहन में अपनी चेयर को यहां से वहां ले जाता है। यदि व्यक्ति चलते वाहन में होने के दौरान अपनी चेयर में रहता है, तो अतिरिक्त, ऑक्युपाइड ट्रांज़िट कंपोनेंट आवश्यक होते हैं। एक ऑक्युपाइड ट्रांज़िट सिस्टम भी उपलब्ध है, जो परिवहन बेल्ट जोड़ देता है ताकि व्यक्ति को उसकी पॉवर व्हीलचेयर में बैठाए हुए ही किसी वाहन में यहां से वहां ले जाया जा सके, बशर्ते वह ऑक्युपाइड क्रैश टैस्टिंग मानदंडों को संतुष्ट करता हो।

लाइट
लाइटिंग पैकेज वह एक और सहायक पुर्जा है जो पॉवर चेयर उपयोक्ताओं को सुरक्षा एवं सुविधा प्रदान करती है। लाइटिंग को पॉवर व्हीलचेयर के फ़ेंडर (‘मड-गार्ड’) में लगाया जा सकता है या फिर फ़्रेम पर जोड़ा जा सकता है। आगे और पीछे की फेंडर लाइट्स व्यक्ति के लिए रात में घर के अंदर या बाहर चलते-फिरते समय देखना और दूसरों को दिखाई देना संभव बनाती हैं। व्हीलचेयर चलाने वाला उपयोक्ता, अपने परिवेश के आधार पर, आसानी से लाइट्स ऑन व ऑफ़ कर सकता है। व्हीलचेयर उपयोक्ता अपने आस-पास की चीजों को देख सकें और अन्य वाहन या पैदल लोग उन्हें देख सकें इसके लिए लाइट्स अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं।

ट्रांसफ़र हैंडल
ट्रांसफ़र हैंडल एक साधारण पर महत्वपूर्ण सहायक पुर्जा है जो सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर ढंग से स्थानांतरण संभव बनाता है। ट्रांसफ़र हैंडल एक ऐसे स्थान पर हाथों से पकड़ने के लिए मौजूद होता है जो व्यक्ति की आसान पहुंच में हो, जहां वह उसका वज़न उठा लेता है और व्यक्ति को अधिक आत्मनिर्भरता प्रदान करता है।

USB चार्जर, सेल फोन या टैबलेट होल्डर
व्हीलचेयर उपयोक्ताओं के लिए अन्य महत्वपूर्ण सहायक पुर्जे में USB चार्जर और सेल फोन या टैबलेट होल्डर आते हैं। कई लोग सेल फोन को महत्वपूर्ण यंत्र नहीं मानते, पर जो लोग विकलांगता के कारण अत्यधिक सीमाबंधित हैं उनके लिए सेल फोन दूसरों से संचार करने का एक प्रमुख साधन होता है, विशेष रूप से तब जब कोई आपातस्थिति हो। यह उनके परिवेश के नियंत्रण का भी एक साधन होता है।

USB चार्जर पोर्ट से सेल फोन या टैबलेट को चार्ज रखा जा सकता है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह यंत्र व्यक्ति के उपयोग के लिए तुरंत उपलब्ध हो। अशक्तताओं से ग्रस्त लोग प्रायः लैंडलाइन फोन का उपयोग नहीं कर पाते, अतः सेल फोन की मदद से ऐसे लोग दिन में अकेले रह सकते हैं और साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सहायता मांगने का एक माध्यम भी उनके पास बना रहता है। सेल फोन या टैबलेट होल्डर, यंत्र को ऐसे स्थानों पर रखते हैं जहां उन्हें आसानी से देखा जा सके और उपयोक्ता उन तक आत्मनिर्भर ढंग से पहुंच सके।

निष्कर्ष

व्हीलचेयर उपयोक्ताओं के लिए बहुत से सहायक पुर्जे और घटक उपलब्ध हैं, और उनमें से प्रत्येक सहायक पुर्जा या घटक व्यक्ति की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जहां कुछ वस्तुओं को तृतीय-पक्ष भुगतानकर्ता फंडिंग देते हैं, वहीं अन्य वस्तुओं का भुगतान व्यक्ति को स्वयं करना होता है, पर फिर भी, ये सभी घटक और सहायक पुर्जे विकलांगताओं के साथ जी रहे लोगों का जीवन और बेहतर बनाते हैं। जिस भी व्यक्ति को नई पॉवर चेयर मिलने वाली है उसे यह जांचना चाहिए कि उसके लिए कौन-कौन से विकल्प, सहायक पुर्जे और महत्वपूर्ण घटक उपलब्ध हैं, और यह देखना चाहिए कि किनसे उसका पॉवर चेयर अनुभव सबसे अधिक बेहतर बनेगा। निर्णय वास्तव में उन्हीं का है।

क्वांटम रीहैब (Quantum Rehab) इस लेख के प्रायोजक हैं।

लेखक: जे डोहर्टी (Jay Doherty), OTR, ATP/SMS
निदेशक, क्लीनिकल शिक्षण
क्वांटम रीहैब (Quantum Rehab)

संसाधन

यदि आप व्हीलचेयर के बारे में और जानकारी की तलाश में हैं या आपको कोई विशेष प्रश्न पूछना है, तो हमारे जानकारी विशेषज्ञ सप्ताह के व्यापारिक कार्यदिवसों पर, सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे (पूर्वी समयानुसार) तक टोल फ़्री नंबर 800-539-7309 पर उपलब्ध हैं।