Act Now: Ask your Representative to support the PRC!

Connect

बांहों की देखभाल

बांह, कंधे या कलाई में दर्द है

यदि आप व्हीलचेयर धकेल रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। रीढ़ की हड्डी की चोट/क्षति से पीड़ित लोगों में से लगभग आधे लोग व्हीलचेयर धकेलने के परिणामस्वरूप आगे चलकर बांहों में दर्द का अनुभव करते हैं। हालांकि, ज्ञान, सही उपकरण, व्यायाम, और देखभाल के साथ, आप अपनी बांहों और कंधों को लंबे समय तक बचाए रख सकते हैं और दर्द से बच सकते हैं।

कई लोग अपने पूरे जीवन मेनुअल व्हीलचेयर धकेलते हैं और उन्हें कोई समस्या नहीं होती, पर भार बढ़ने, आयु बढ़ने, और दर्द से व्यक्ति मेनुअल छोड़कर पॉवर व्हीलचेयर अपनाने पर विवश हो सकता है।

व्यक्ति को यह बदलाव करने को प्रेरित करने वाले कई कारण होते हैं – पॉवर चेयर तेज़ होती हैं और उनमें अपने ही स्थान पर झुक सकने वाली सीट लगाई जा सकती है जो सबसे अच्छी तरह दबाव से राहत देती है – पर यह निर्णय लेना कठिन हो सकता है। मनोवैज्ञानिक स्तर पर, कुछ लोग पॉवर चेयर में अधिक ‘अशक्त’ महसूस कर सकते हैं, और वैन की आवश्यकता एक महंगा घटक है, क्योंकि पॉवर चेयर से कार सीट पर स्थानांतरण करना व्यावहारिक नहीं होता है।

मेनुअल चेयर को मिश्रित पॉवर यूनिट में बदलने के लिए पॉवर-असिस्ट यंत्र उपलब्ध हैं। इनका लाभ यह है कि ये संपूर्ण पॉवर यूनिट से सस्ते होते हैं, पर इनसे मेनुअल चेयर का भार काफ़ी बढ़ जाता है, जिससे उसे कार में लादना और कठिन हो जाता है।

कोई भी निर्णय लेने से पहले: हमेशा सीटिंग विशेषज्ञों की टीम के साथ कार्य करें।

सीटिंग विशेषज्ञ जानते हैं कि सही स्थान में बैठना दर्द की रोकथाम के लिए कितना महत्वपूर्ण है, और वे चिकित्सीय उपकरणों की प्रतिपूर्ति के मसलों में सहायता दे सकते हैं।

जब बात आपकी व्हीलचेयर बदलने की हो, तो मुख्य निर्णय आत्मनिर्भरता को अधिकतम बनाने पर आधारित होता है। पॉवर चेयर अपनाने का चयन अकेले नहीं किया जा सकता है और न ही करना चाहिए। आपकी विशिष्ट आवश्यकताओं से मेल खाने वाली सही चेयर और एक्सेसरीज़ का चयन करने में कई कारक शामिल होते हैं।

वीडियो: कंधों की समस्याओं की रोकथाम

क्या आपकी व्हीलचेयर अधिकतम दक्षता के लिए व्यवस्थित है? हो सकता है कि इधर-उधर जाने में आपको बहुत अधिक परिश्रम करना पड़ रहा हो और आप स्वयं को कंधे का दर्द होने के जोखिम में डाल रहे हों।

बांहों और कंधों की समस्याएं कम से कम करने के लिए सुझाव

यदि आप अपनी मेनुअल चेयर को नहीं छोड़ने जा रहे, तो इन कुछ सुझावों पर विचार करें:

  • पीछे वाले ऐक्सल को अधिकतम संभव आगे की ओर एडजस्ट करें, पर ध्यान रखें कि चेयर बहुत अस्थिर न महसूस हो। यदि आप चेयर के स्थिर होने के दौरान उसके आगे वाले भाग को उठाए नहीं रख सकते हैं, तो आप एंटी-टिपर (लुढ़कने से रोकने के यंत्र) लगा सकते हैं; ये आपको पीछे की ओर लुढ़कने नहीं देंगे।
  • बिना अटके, और कम झटके से धकेलने के लिए, आपके हाथों को गोल-गोल चलना चाहिए — न कि आगे-पीछे। रिम छोड़ते समय अपने हाथों को नीचे छोड़ देना सबसे अच्छा है। उन्हें नीचे रखते हुए वापस लाएं, मानो आप ऐक्सल छूने जा रहे हों। आपके हाथों को रिम के बड़े गोले के अंदर एक छोटे गोले के रूप में चलना चाहिए।
  • स्थानांतरण से कंधों पर काफ़ी बोझ पड़ता है। अनावश्यक स्थानांतरण न करें।
  • सीट की ऊंचाई रिम को धकेलने की दक्षता को प्रभावित करती है। यदि आपके व्हील ऐक्सल बहुत ऊंचे या बहुंत नीचे हैं, तो आपको अधिक श्रम करना पड़ेगा। नीचा बैठना बेहतर होता है। ऐक्सल की ऊंचाई इस प्रकार सेट करें ताकि जब आप बांहों को ढीला छोड़कर पीछे की ओर झुकें तो अंगुलियों के पोर ऐक्सल से बस ज़रा सा नीचे तक पहुंचें।
  • जिन टायरों में हवा का दबाव सही नहीं होता उन्हें धकेलना मुश्किल होता है। दबाव नापने का गेज आस-पास रखें और टायरों को पूरी तरह भरा हुआ रखें।
  • नए ज़माने की कम-वज़नी चेयर, विशेष रूप से टाइटेनियम की बनी चेयर, व्यक्ति की गतिशीलता में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। कम-वज़नी चेयर को धकेलने में कम ज़ोर लगता है, वे पूरी तरह एडजस्टेबल होती हैं और उनके संचालन में अस्पताल जैसी भारी-भरकम यूनिट की तुलना में कम लागत आती है।
  • बांहों पर तनाव घटाने के लिए घर के परिवेश में संशोधन करने पर विचार करें। इन संशोधनों में स्थानांतरण के उपकरण, लिफ़्ट, या अस्पताल बेड शामिल होंगे।
  • तीव्र दर्द का तुरंत उपचार लेना न भूलें और हिल-डुल सकने की उपयुक्त रेंज बनाए रखने की कोशिश करें।

चेयर की उचित सेटिंग और संशोधनों के साथ-साथ व्यायाम और स्ट्रेचिंग भी कंधों के स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण भाग होते हैं। कंधा एक अद्भुत जोड़ है, पर चूंकि कंडराओं और नर्म ऊतकों का एक जटिल समूह इसे इसके स्थान पर बनाकर रखता है, अतः इसे इसकी पूरी रेंज में हिलाना-डुलाना आवश्यक होता है। आपको सलाह दी जाती है कि कंधों की स्ट्रेचिंग के लिए आपको क्या करना चाहिए यह सबसे अच्छी तरह से जानने के लिए किसी फिज़िकल थेरेपिस्ट के साथ कार्य करें।

कंधों की शक्ति और लचीलापन बनाए रखने के लिए व्यायाम आवश्यक होता है। उदाहरण के लिए, रेज़िस्टेंस ट्रेनिंग के लिए हल्के डंबबेल की जोड़ी या किसी इलास्टिक बैंड का उपयोग करें। एक बार फिर याद दिला दें कि कोई भी व्यायाम कार्यक्रम आरंभ करने से पहले सलाह लें, और उसे अपनी सुविधाजनक गति से आगे बढ़ाएं। यदि आप बहुत तेज़ी से बहुत कुछ करने की कोशिश करेंगे तो आप खुद को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

ऊपर दी गई जानकारी कन्सोर्टियम फ़ॉर स्पाइनल कॉर्ड इंजरी द्वारा विकसित नैदानिक अभ्यास दिशानिर्देशों से प्राप्त की गई है और रीव फ़ाउंडेशन उक्त कन्सोर्टियम की मार्गदर्शक समिति का एक सदस्य है। प्राथमिक दिशानिर्देश स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों पर लक्षित हैं। हाल ही में एक उपभोक्ता मार्गदर्शिका, “बांहों की कार्यक्षमता का संरक्षण: आपको क्या जानना चाहिए” प्रकाशित की गई थी। प्रकाशन पैरालाइज़्ड वेटरन्स ऑफ़ अमेरिका से उपलब्ध हैं।